Ranchi: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के चुनाव परिणामों में इस बार 'नारी शक्ति' का जबरदस्त दबदबा देखने को मिला है. नई कार्यकारिणी की 21 सीटों के लिए मैदान में उतरी 66.67 प्रतिशत महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया है.
चुनाव में कुल 9 महिला प्रत्याशियों में से 6 ने जीत दर्ज की है. 21 सदस्यीय नई कार्यकारिणी में महिलाओं की 28.57 प्रतिशत भागीदारी हो गई है.
इसे भी पढ़ें:
चुनाव परिणामों के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, शीर्ष 21 में जगह बनाने वाली इन छह विजयी महिलाओं ने भारी मत प्राप्त कर मतदाताओं के बीच अपनी लोकप्रियता साबित की है. इनमें विनीता सिंघानिया ने 1,597 मत हासिल कर ओवरऑल पांचवां स्थान, जबकि ज्योति कुमारी ने 1535 मतों के साथ छठा स्थान प्राप्त किया.
इसके अलावा निधि झुनझुनवाला ने 1450 मत, आस्था किरन ने 1441 मत, मोनिका गोयनका ने 1300 मत और पूजा ढाढा ने 1288 मत प्राप्त कर कार्यकारिणी में अपना अहम स्थान पक्का किया है. इन महिला प्रत्याशियों की जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि व्यापारिक समुदाय में महिलाओं के नेतृत्व को भारी समर्थन मिल रहा है.
विभिन्न टीमों के रणनीतिक प्रदर्शन की बात करें तो टीम तुलसी की महिला प्रत्याशियों ने शत-प्रतिशत, यानी 100 प्रतिशत सफलता का शानदार रिकॉर्ड बनाया है. टीम तुलसी ने अपनी ओर से कुल चार महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा था और इन चारों ने ही जीत हासिल की. वहीं, टीम मुकेश ने कुल तीन महिला प्रत्याशियों पर दांव खेला था, जिनमें से दो (66.67 प्रतिशत सफलता दर) ने जीत दर्ज कर कार्यकारिणी में अपनी जगह बनाई.
यह चुनाव परिणाम राज्य के व्यापार और उद्योग जगत में महिलाओं की बढ़ती स्वीकार्यता, मजबूत प्रभाव और सशक्त होती भागीदारी का एक सकारात्मक संदेश है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

