Search

 
 
 

NGT रोक को ठेंगा ! टास्क फोर्स के रहते अजय नदी से बालू का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी

Jamtara News : जामताड़ा में अजय नदी से हो रहा अवैध बालू खनन अब सिर्फ नियमों की अनदेखी का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसने जिला प्रशासन, पुलिस और गठित टास्क फोर्स की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की रोक के बावजूद अजय नदी में दिन-रात जेसीबी, लोडर और अन्य मशीनों से बालू निकाले जा रहे हैं.
 
​जामताड़ा में सही साबित हो रही संथाली कहावत "मांझीआः मेद् लुटुर बनुःखान, अतु रे कुळुई रोंगोःआ"
  • जामताड़ा में प्रशासन की नाक के नीचे अवैध बालू का बड़ा खेल
  • जेसीबी-लोडर से नदी की खुदाई
  • दर्जनों हाईवा से दूसरे राज्यों तक भेजी जा रही खेप
  • टास्क फोर्स की कार्रवाई पर सवाल

Jamtara News :  ​"मांझीआः मेद् लुटुर बनुःखान, अतु रे कुळुई रोंगोःआ" यह संथाली कहावत जामताड़ा में सही साबित हो रही है. इसका अर्थ है कि यदि मांझी (गांव के प्रमुख/प्रशासन) की आंख और कान बंद हों, तो पूरे गांव की फसल खरगोश (या जंगली जानवर) चर जाएंगे.

 

दरअसल राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) की रोक के बावजूद अजय नदी से बालू का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है. नदी से जेसीबी, लोडर और अन्य मशीनों से दिन-रात बालू निकाले जा रहे हैं. अब यह सिर्फ नियमों की अनदेखी का मामला नहीं रह गया है, बल्कि इसने जिला प्रशासन, पुलिस और गठित टास्क फोर्स की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

 

जिला प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन रोकने के लिए बाकायदा टास्क फोर्स गठित कर रखी है. इसके बाद भी नदी में भारी मशीनों से की जा रही खनन पर प्रशासन अपनी आंख बंद कर रखा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अजय नदी के कई घाटों पर बालू का अवैध कारोबार संगठित तरीके से चल रहा है. नदी की धारा और तलहटी को मशीनों से काटकर बालू निकाला जा रहा है और फिर उसे हाइवा के जरिए दूसरे इलाकों में भेजा जा रहा है.

 

Uploaded Image

17 अगस्त सुबह 10.19 मिनट पर अजय नदी की तस्वीर

NGT की रोक बेअसर, नदी में गरज रही जेसीबी

बारिश के मौसम में नदी से बालू उठाव पर रोक के बावजूद अजय नदी के विभिन्न हिस्सों में मशीनों के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आ रही हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाथरघट्टा, महेशमुंडा, बांखेत, बागकुड़ी समेत कई घाट कथित अवैध बालू खनन के केंद्र बन गए हैं. 

 

सबसे गंभीर मामला इस खेल में नदी में सिर्फ ट्रैक्टरों से बालू उठाने तक सीमित नहीं है. जेसीबी और लोडर के जरिए बड़े पैमाने पर बालू निकाला जा रहा है. नदी में बालू छानने के लिए मशीनें भी लगाई गई हैं.  इससे यह सवाल उठने लगा है कि जब NGT की रोक लागू है तो इतनी बड़ी मशीनरी नदी तक पहुंची कैसे?

 

साथ ही मशीनों को वहां काम करने की अनुमति किसने दी और इतने बड़े पैमाने पर बालू लदे वाहनों का परिचालन प्रशासन की नजर से कैसे बच रहा है?

 

Uploaded Image

नदी से बालू के खनन के लिए खड़ी गाड़ियां 

50-60 हाइवा प्रतिदिन निकलने का दावा

स्थानीय लोगों के अनुसार, अजय नदी से प्रतिदिन 60 से 70 हाईवा तक बालू निकाले जाने का दावा किया जा रहा है. यह बालू जामताड़ा से पश्चिम बंगाल के धुलियान, मालदा, मुरारई, रामपुरहाट, मुर्शिदाबाद और बहरामपुर समेत कई इलाकों तक भेजा जाता है.

Uploaded Image

बालू के खनन के लिए नीचे उतरती गाड़ियां

 

प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा खेल

जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने टास्क फोर्स गठित कर रखी है. इसमें प्रशासन, पुलिस, खनन विभाग, परिवहन विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल हैं. इसके बावजूद यदि नदी में लगातार जेसीबी और लोडर चल रहे हैं और दर्जनों हाईवा बालू लेकर जिले से बाहर जा रहे हैं, तो सवाल सीधे टास्क फोर्स की सक्रियता पर उठता है. नदी से हो रहे अबैध बालू खनन टास्क फोर्स को दिखाई नहीं दे रही है. 

 

Uploaded Image

नदी तट के किनारे खनन के लिए आती मशीनें 

सत्ता के गलियारों तक पहुंचा मामला, फिर भी कार्रवाई का इंतजार

जिस इलाके में कथित अवैध खनन हो रहा है, वह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है. जामताड़ा जिले से ही राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी भी आते हैं. ऐसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जिले में NGT की रोक के बावजूद बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी रहने से प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठना स्वाभाविक है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दिन के समय नदी से बालू निकाला जाता है और रात या तड़के सुबह भारी वाहनों से उसका परिवहन किया जाता है.

 

Uploaded Image

बालू के परिवहन के लिए खड़ा है ट्रैक्टर

बारिश में बालू खनन से पर्यावरण पर दोहरा संकट

बरसात के मौसम में नदी से बड़े पैमाने पर बालू उठाव सिर्फ अवैध खनन का मामला नहीं है. इससे नदी की प्राकृतिक संरचना, जल प्रवाह, तटों की स्थिरता, जलीय जीवों और जैव विविधता पर गंभीर असर पड़ सकता है. मशीनों से नदी की तलहटी में बड़े पैमाने पर खुदाई होने से नदी के प्राकृतिक स्वरूप में बदलाव और कटाव का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में नियमों और पर्यावरणीय प्रतिबंधों की अनदेखी भविष्य में स्थानीय आबादी के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती है.

 

Uploaded Image

अजय नदी की तस्वीर

लगातार खबरों के बावजूद नहीं थमा खनन

अजय नदी में मशीनों से बालू निकालने और अवैध खनन की खबरें लगातार न्यूज ने पहले भी प्रकाशित कर चुका है. खबर प्रकाशित होने के बाद एक-दो दिन मामला शांत होता है.  इसके बाद फिर से अवैध खनन की गतिविधियां शुरू जाती हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की जानकारी के बिना इतने बड़े पैमाने पर यह कारोबार संभव नहीं है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है.

 

पहले आपने पढ़ा...

 

डीसी-एसपी से मांगा गया पक्ष

मामले में जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया और मैसेज पर सक्ष्य भी भेजा गया. खबर लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका. उनका पक्ष आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.

 

इससे पहले जब लगातार ने खबर प्रकाशित की थी तो उपायुक्त का पक्ष लिया था. उस समय उन्होंने अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी. इसके बावजूद नदी में कथित तौर पर खनन जारी रहने से प्रशासन के दावों और जमीन पर स्थिति के बीच अंतर को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही