Search

 
 
 

RIMS में मरीजों की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर, आधुनिक कैंटीन से लेकर नए उपकरणों की खरीद पर चर्चा

Ranchi News: अपर मुख्य सचिव अजय सिंह ने रिम्स में चिकित्सा उपकरणों की खरीद को लेकर भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी उपकरण अच्छे और तय मानकों के अनुसार होने चाहिए. उपकरणों की खरीद से पहले जेम पोर्टल पर उपलब्ध कीमतों से तुलना की जाए.
 
RIMS में मरीजों की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
  • रेडियोथेरेपी में बढ़ेंगे टेक्नीशियन
  • गुणवत्तापूर्ण उपकरण खरीदने का निर्देश
  • रोबोटिक सर्जरी शुरू करने पर चर्चा
  • अपर मुख्य सचिव ने निर्माणाधीन भवन और वार्डों का किया निरीक्षण
  • भोजन की गुणवत्ता सुधारने का निर्देश

Ranchi News: रिम्स में मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देने के लिए संसाधनों को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. बुधवार को अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में रिम्स की वित्त एवं लेखा समिति की बैठक हुई. बैठक में कुल सात एजेंडों पर चर्चा की गई.

इसे भी पढ़ें: 

बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक में लिए गए फैसलों की समीक्षा की गई. अजय कुमार सिंह ने रिम्स में आधुनिक कैंटीन बनाने के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कैंटीन की व्यवस्था बड़े और बेहतर अस्पतालों की तरह होनी चाहिए.

 

पैरामेडिकल छात्रों के हॉस्टल और सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि सफाई सिर्फ फर्श तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. पूरी बिल्डिंग के अंदर और बाहर साफ-सफाई बेहतर होनी चाहिए. छात्रों को एम्स नई दिल्ली की तर्ज पर स्टाइपेंड देने के फैसले के लागू होने पर उन्होंने संतोष जताया. रिम्स में नीट-यूजी कोचिंग शुरू होने पर भी खुशी जताई.

 

बैठक में रेडियोथेरेपी की सुविधा की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि रिम्स में हर दिन करीब 40 मरीजों को रेडियोथेरेपी दी जा रही है. मरीजों को जल्द इलाज मिल सके, इसके लिए टेक्नीशियनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया.

 

अजय कुमार सिंह ने रिम्स में चिकित्सा उपकरणों की खरीद को लेकर भी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी उपकरण अच्छे और तय मानकों के अनुसार होने चाहिए. उपकरणों की खरीद से पहले जेम पोर्टल पर उपलब्ध कीमतों से तुलना की जाए. जेम पर उपकरण उपलब्ध नहीं होने पर एम्स की दर के आधार पर खरीद की जाए.

 

रिम्स में पहले से मौजूद और जरूरी नए उपकरणों की पूरी सूची तैयार करने को कहा गया. विभागवार मशीनों की मैपिंग कर यह देखा जाएगा कि कहां किस उपकरण की जरूरत है. पुरानी और बेकार हो चुकी मशीनों को नियम के अनुसार हटाने का भी निर्देश दिया गया.

 

बैठक में पांच पदों पर भर्ती की मंजूरी दी गई. सर्जरी विभाग के बर्न वार्ड के लिए उपकरण खरीदने को भी वित्तीय मंजूरी दी गई. इसके अलावा रिम्स में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई.

 

विभिन्न भवनों में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम के रखरखाव, रिम्स क्रय समिति के बाहरी सदस्यों को प्रति बैठक मानदेय और प्रोक्योरमेंट सेल में अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत पर भी चर्चा हुई. जेनेटिक्स एवं जीनोमिक्स विभाग के वैज्ञानिकों को एम्स नई दिल्ली की तर्ज पर एकेडमिक अलाउंस देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया.

 

बैठक के बाद अजय कुमार सिंह ने रिम्स के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम, पुरानी बिल्डिंग के बेसमेंट और अलग-अलग वार्डों की स्थिति देखी. इस दौरान उन्होंने कई मरीजों से बात कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.

 

अपर मुख्य सचिव ने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया. उन्होंने भोजन के रखरखाव, सफाई और वितरण व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को साफ और स्वास्थ्यकर भोजन मिलना सुनिश्चित किया जाए.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही