Gumla News: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सदर अस्पताल स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज का निरीक्षण किया. इस दौरान कॉलेज के छात्रावास एवं कैंटीन परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से मुआयना किया. अधिकारियों ने कैंटीन संचालक व कर्मियों को स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया.
कैंटिन के निरीक्षण के बाद टीम ने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को सुरक्षित व पौष्टिक खानपान को लेकर जागरूक किया. इस दौरान उन्हें खाद्य सुरक्षा से जुड़े प्रमुख पहलुओं की जानकारी दी गई. डिब्बा बंद उत्पादों की पहचान पैकेट पर बने लाल और हरे निशानों के बारे में विस्तार से समझाया गया. इस अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर एवं आशा राज ने संयुक्त रूप से किया.
इसे भी पढ़ें:
छात्राओं को फोर्टिफाइड फूड में उपस्थित सुक्ष्म पोषक तत्वों की महत्ता के साथ अंकित '+F' के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी. इसी क्रम में खाने पीने की पदार्थों में मिलावट यथा, ताजा अंडे की पहचान, हल्दी में रंग की मिलावट, खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंग की पहचान के साथ दूध एवं दूध उत्पादों में स्टार्च की मिलावट की पहचान के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी.
अधिकारियों ने छात्राओं एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट, गुणवत्ता में कमी या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो वे जागरूक नागरिक की तरह इसकी शिकायत दर्ज कराएं. इसके लिए वे भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' ऐप का उपयोग कर सकते हैं अथवा सीधे खाद्य सुरक्षा कार्यालय, गुमला में संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

