Ranchi : भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व महामंत्री मंजूलता पांकी ने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है. वह संगठन में प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी जैसे पदों पर काम कर चुकीं हैं. 10 नवंबर को वह Live आयीं. उन्होंने इस्तीफे को लेकर जो कुछ भी कहा, उसे पार्टी के भीतर नजरअंदाज करने वाली बात माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
मंजूलता के मुताबिक, उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. उनका मोबाइल नंबर असामाजिक तत्व को दे दिया गया, जो लगातार उन्हें फोन किया करते थे. उनसे अश्लील और अभद्र बातें की जाने लगीं. जब उन्होंने पांकी में जनकल्याण का मुद्दा उठाया तो उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस कर दिया गया. ऐसे वक्त में पार्टी ने उन्हें अकेला छोड़ दिया. उन्होंने कई लोगों से मदद मांगी, लेकिन मदद नहीं मिली.

मंजूलता का इस्तीफा.
जब उन्हें फोन करके परेशान किया जा रहा था, तब उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी. साथ ही मदद मांगी. इसका मजाक उड़ाया गया. कहा गया-छोड़िये, इसका तो चलता रहता है. किसी भी पदाधिकारी ने प्रशासनिक अफसर से बात नहीं की. महिला मोर्चा के नेताओं ने भी साथ नहीं दिया.
पार्टी के भीतर के लोग सवाल उठा रहे हैं कि जरा सोचिए, आखिर एक महिला कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी में न्याय और सुरक्षा के लिए किसके पास जाए? क्या पार्टी में कार्यकर्ताओं का महत्व केवल तब तक है, जब तक वे नारे लगाते हैं, भीड़ जुटाते हैं और चुनाव में मेहनत करते हैं?

