Hazaribagh News: हजारीबाग शहर के हुरहुरु स्थित खास महाल जमीन को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है. पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने जमीन पर स्थित पुराने भवन को तोड़वा दिया. जिसकी शिकायत मिलने पर रविवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपक कुमार और सदर अंचलाधिकारी आशुतोष कुमार टीम के साथ विवादित स्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ें:
खास महाल जमीन को लेकर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और जिला प्रशासन के बीच पहले से विवाद चल रहा है. इस बार जमीन से पुराने भवन को जमींदोज किए जाने पर प्रशासन की टीम के पहुंचने पर मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. सदर सीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि यह भूमि खास महाल की भूमि है, जिसमें सरकारी कार्यालय भी था, जिसको योगेंद्र साव के द्वारा तोड़ा गया है, जो गलत है. उन्होंने आगे कहा कि स्थानीय वार्ड पार्षद के द्वारा इसकी शिकायत मिली, जिसकी जांच करने हमलोग आए हैं.
सदर एसडीपीओ रूपक कुमार ने बताया कि बड़े बाजार थाना और सदर सीओ से सूचना मिली थी कि इस जमीन से जुडा मामला (मुजीबुर रहमान बनाम झारखंड राज्य) झारखंड हाई कोर्ट में लंबित है. उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के तहत जमीन पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं कराया जाना है. पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां मौजूद पुराने भवन को तोड़ा जा रहा है. इसी सूचना पर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने कहा कि पहले वहां एक खंडहरनुमा भवन था, जो अब दिखाई नहीं दे रहा है. इस संबंध में आवेदन मिलने पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी.
पुराने भवन को तोड़ने के मामले को लेकर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने कहा कि अगले माह मेरे बेटे की शादी है, जिसके लिए मैं अपनी जमीन की साफ- सफाई करवा रहा हूं, यह जमीन मेरी है. आगे उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे टार्गेट किया जा रहा है और लगातार मुझे परेशान किया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

