Search

 
 
 

Dhanbad News: बेलगड़िया के मोहली टोला की नहीं बदली किस्मत, गरीबी में कट रही जिंदगी

Dhanbad News: टोले में गरीबी की स्थिति कितनी गंभीर है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 15 दिन पूर्व आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पाने से दो लोगों की मौत हो गई. बीमारी के दौरान दोनों परिवार के पास इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे.
 
जर्जर हुआ कच्चा मकान
  • सूप-टोकरी बनाकर गुजर-बसर कर रहे 100 परिवार

Dhanbad News: झारखंड अलग राज्य बने 26 साल बीत चुके हैं. सरकारें बदलीं, विकास के बड़े-बड़े दावे हुए और गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई योजनाएं भी चलाई गईं लेकिन बलियापुर प्रखंड के बेलगड़िया स्थित मोहली टोला की तस्वीर आज भी नहीं बदली है. यहां रहने वाले करीब 100 परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. गरीबी और बदहाली के बीच इन परिवारों की जिंदगी गुजर रही है. विकास की रोशनी इस टोले में अब तक नहीं पहुंच पाई है.

 

मोहली टोला के अधिकांश परिवारों की आजीविका बांस से सूप, टोकरी और अन्य घरेलू सामान बनाने पर निर्भर है. दिनभर मेहनत करने के बाद जो आमदनी होती है उससे किसी तरह परिवार का पेट भर पाता है. बच्चों की पढ़ाई, घर की जरूरतें और बीमारी के इलाज के लिए इनके पास पैसे नहीं बचते. रोजगार का कोई दूसरा साधन नहीं होने के कारण पीढ़ियों से ये परिवार इसी पारंपरिक काम के सहारे जिंदगी गुजार रहे हैं. मेहनत के बावजूद इनकी आर्थिक स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो रहा है.

इसे भी पढ़ें:

आर्थिक तंगी ने छीन ली दो जिंदगियां

टोले में गरीबी की स्थिति कितनी गंभीर है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 15 दिन पूर्व आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पाने से दो लोगों की मौत हो गई. बीमारी के दौरान दोनों परिवार के पास इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे. गरीबी के कारण समय पर उपचार नहीं मिल सका और दो परिवारों ने अपने परिजनों को खो दिया.

 

मृतक की पत्नी आवला देवी और मृतक विश्वनाथ मोहली की पत्नी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि सूप और टोकरी बनाकर इतनी आमदनी नहीं होती कि परिवार का भरण-पोषण करने के साथ पति का इलाज भी कराया जा सके. आर्थिक तंगी के कारण वह अपने पति को बेहतर इलाज नहीं दिला सकीं और उनकी जान चली गई.

 

मृतक की भाभी मालती देवी ने कहा कि मोहली टोला के लोग सूप और टोकरी बनाकर किसी तरह अपने परिवार का पेट भरते हैं. इस काम से इतनी कमाई नहीं होती कि कोई बड़ी जरूरत पूरी की जा सके.घर में कोई बीमार पड़ जाए तो उसके इलाज के लिए भी पैसे जुटाना मुश्किल हो जाता है.ग्रामीणों के सामने रोजी-रोटी का संकट है. ऐसे में बीमारी और दूसरी मुसीबतों से लड़ना उनके लिए बेहद कठिन हो जाता है.

 

26 साल बाद भी विकास की राह देख रहा टोला

ग्रामीण षष्ठी चरण मोहली ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद से ही मोहली टोला की स्थिति ऐसी बनी हुई है. यहां के लोगों को आज तक विकास का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाया है. हालत यह है कि टोले के कई लोग झारखंड स्थापना दिवस तक के बारे में नहीं जानते. सरकारी योजनाओं का लाभ भी जरूरतमंद परिवारों तक नहीं पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य का स्थापना दिवस बड़े परिवारों के लिए है मोहली टोला में रह रहे लोगों के लिए नहीं.

 

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार विकास की बात करती है लेकिन मोहली टोला के लोगों की जिंदगी में कोई बदलाव नहीं आया है. आज भी लोग पारंपरिक रोजगार के सहारे गरीबी में जीवन बिताने को मजबूर हैं. उन्होंने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन से टोले की सुध लेने तथा यहां रहने वाले करीब 100 परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की मांग की है.

 

मोहली टोला की यह तस्वीर विकास के दावों के बीच कई सवाल खड़े करती है. आखिर राज्य गठन के 26 साल बाद भी करीब 100 परिवार सरकारी योजनाओं से कैसे वंचित हैं. क्या इन परिवारों को रोजगार, आवास, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल पाएगा. ग्रामीणों को अब भी उस दिन का इंतजार है जब विकास की किरण उनके टोले तक पहुंचेगी और गरीबी के कारण किसी परिवार को अपनों की जान नहीं गंवानी पड़ेगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही