Dhanbad News : रेलवे में नौकरी दिलाने, कन्फर्म टिकट कराने और सीनियर सिटीजन कोटे का लाभ दिलाने का झांसा देकर भोले- भाले यात्रियों को ठगने वाले जालसाजों के खिलाफ पूर्व मध्य रेलवे ( ECR ) का सतर्कता विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है.
इसे लेकर से धनबाद रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को ठगी के तौर-तरीकों से अवगत कराया गया और अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया.
नौकरी और कन्फर्म टिकट के नाम पर ठगी से रहें सावधान
स्टेशन परिसर में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिखाया कि किस तरह जालसाज रेलवे में सीधी नौकरी दिलाने, कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने और सीनियर सिटीजन कोटे का लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं. ऐसे लोग रेलवे में ऊंची पहुंच और अधिकारियों से पहचान होने का दावा कर यात्रियों का भरोसा जीतते हैं और फिर उनसे पैसे ऐंठ लेते हैं.
सतर्कता विभाग ने यात्रियों को आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. नौकरी या टिकट दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें और किसी भी तरह के प्रलोभन में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न गंवाएं.
RRB और RRC के अलावा नौकरी का दावा करने वालों से बचें
सतर्कता जागरूकता टीम के सदस्य अरुण कुमार ने बताया कि हाजीपुर मुख्यालय के निर्देशानुसार पूर्व मध्य रेलवे के सभी पांचों डिवीजनों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य रेलवे में नौकरी और टिकट के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति लोगों को जागरूक करना है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे में भर्ती निर्धारित नियमों और आधिकारिक प्रक्रिया के तहत होती है.इसके लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) और रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC) अधिकृत माध्यम हैं.यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर रेलवे में नौकरी दिलाने का दावा करता है तो उसके झांसे में न आएं.ऐसे दावों की सत्यता जांचे बिना पैसे देना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है.
टिकट के लिए अपनाएं अधिकृत माध्यम
अरुण कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे रेलवे टिकट अधिकृत टिकट काउंटर या IRCTC के माध्यम से ही खरीदें. कन्फर्म टिकट या सीनियर सिटीजन कोटे का लाभ दिलाने के नाम पर किसी बिचौलिए अथवा अनजान व्यक्ति को पैसे न दें.
उन्होंने कहा कि रेलवे की सतर्कता टीम धनबाद समेत प्रमुख स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक कर रही है.अभियान के माध्यम से यात्रियों को संदेश दिया गया कि सतर्कता ही ठगी से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है. जागरूक रहकर ही जालसाजों के मंसूबों को नाकाम किया जा सकता है.

