Ranchi: झारखंड सरकार ने खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक साथ कई बड़े फैसले लिए हैं. राज्य के 9 जिलों की 10 खेल परियोजनाओं के लिए 7 करोड़ 87 लाख 32 हजार 442 रुपये जारी किए गए हैं. इस राशि से कहीं नए स्टेडियम बनेंगे, कहीं पुराने स्टेडियमों की मरम्मत होगी, कहीं खिलाड़ियों के लिए छात्रावास तैयार होगा तो कहीं इंडोर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने 2 जुलाई से 7 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग आदेश जारी कर इन परियोजनाओं को गति दी है. सरकार का फोकस सिर्फ नए निर्माण पर नहीं, बल्कि अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने और पुराने खेल ढांचे को नया रूप देने पर भी है.
सबसे बड़ी राशि पलामू और गढ़वा की परियोजनाओं को मिली है. पलामू जिला मुख्यालय में बन रहे इंडोर स्टेडियम के लिए 2.50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इस परियोजना की कुल प्रशासनिक स्वीकृति 4.82 करोड़ रुपये है. इससे पहले 65 लाख रुपये जारी किए जा चुके थे और निर्माण एजेंसी के साथ 3.84 करोड़ रुपये का एकरारनामा हो चुका है.
गढ़वा के मेराल प्रखंड के अटौला गांव में बहुउद्देश्यीय खेल स्टेडियम और खेल मैदान के विकास के लिए 1.20 करोड़ रुपये की नई किस्त जारी की गई है. इस परियोजना की कुल लागत 4.09 करोड़ रुपये है. इससे पहले 2.50 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं.
सिमडेगा को दो बड़ी सौगात मिली है. बाजारटांड़ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 50 बेड वाले बालक खेल छात्रावास के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. इस परियोजना की कुल लागत 2.83 करोड़ रुपये है. वहीं नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम के चार बैडमिंटन कोर्ट में फ्लोरिंग मैट लगाने के लिए 20 लाख रुपये अलग से दिए गए हैं. पिछले वित्तीय वर्ष में यह राशि तकनीकी कारणों से खर्च नहीं हो सकी थी.
धनबाद के कलियासोल में बनने वाले प्रखंड स्तरीय स्टेडियम के लिए 1 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. यहां पवेलियन, दर्शक गैलरी, फुटबॉल मैदान, रनिंग ट्रैक, हाईमास्ट लाइट, बाउंड्री वॉल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. सरकार ने इसे 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.
पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम की पूरी मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं. कुल परियोजना लागत 77.74 लाख रुपये है और काम 30 जून 2027 तक पूरा करना होगा.
गुमला के अल्बर्ट एक्का आवासीय एथलेटिक्स छात्रावास की विशेष मरम्मत के लिए 35 लाख रुपये दिए गए हैं. कुल लागत 49.16 लाख रुपये है. यह काम झारखंड खेल प्राधिकरण की निगरानी में 31 जनवरी 2027 तक पूरा किया जाएगा.
गोड्डा के बसंतराय प्रखंड के कैथिया गांव और रामगढ़ के कुंदरू कला में नए प्रखंड स्तरीय स्टेडियमों के निर्माण के लिए 40-40 लाख रुपये जारी किए गए हैं. दोनों परियोजनाओं की कुल प्रशासनिक स्वीकृति 83.04 लाख रुपये है. गोड्डा का स्टेडियम 30 जून 2027 तक और रामगढ़ का स्टेडियम 31 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा स्थित खेजुरडीहा मैदान में बन रहे स्टेडियम के लिए 32.32 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी स्वीकृत की गई है. निर्माण के दौरान भूमि समतलीकरण और रिटेनिंग वॉल जैसे अतिरिक्त कार्यों के कारण लागत बढ़ी थी, जिसके बाद यह राशि जारी की गई.
सरकार ने सभी परियोजनाओं के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आवंटित राशि का उपयोग केवल संबंधित कार्यों में होगा. राशि का किसी अन्य मद में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा. सभी निर्माण और मरम्मत कार्य तकनीकी स्वीकृति और पीडब्ल्यूडी मानकों के अनुसार होंगे. संबंधित उपायुक्तों और कार्यकारी एजेंसियों को हर महीने प्रगति रिपोर्ट देने, भौतिक सत्यापन कराने और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment