Jamshedpur News : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार की शाम जमशेदपुर स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया गया. अर्जुन मुंडा ने माता को मुखाग्नि दी. इस मौके पर वे बेहद भावुक दिखे. आंखों से झर-झर लोर बहते रहे. चिता से उठती लपटों को वे एकटक निहारते रहे.
इसे भी पढ़ें...
इससे पहले घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से शव यात्रा निकाली गई. अर्जुन मुंडा अर्थी को कांधे देते दिखे. शव यात्रा में कई राजनेताओं के साथ उनके कार्यकर्ता, समर्थक, परिजन और स्थानीय लोग शामिल हुए. नम आंखों से लोगों ने सायरा मुंडा को अंतिम विदाई दी.
मुखाग्नि देने के बाद उन्होंने एक पोस्ट में कहा, “मां तुम्हारी ममता अमर रहेगी.. तुम्हारी यादें हमेशा दिल में रहेगी. आपका ममत्व, आशीर्वाद और स्मृतियां मेरे जीवन में बनी रहेंगी.”
सायरा मुंडा का सोमवार सुबह टाटा मोटर्स अस्पताल में निधन हो गया था. वे पिछले कई महीनों से अस्वस्थ थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर से परिवार के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गयी. दिन में ही उनका पार्थिव शरीर आवास पर लाया गया, जहां लोगों ने श्रद्धांजलि दी.
मुंडा के मां के निधन की खबर सुनते ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युतवरण महतो, आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, जमशेदपुर पश्चिम से विधायक सरयू राय समेत कई नेता श्रद्धांजलि देने मुंडा के आवास पर पहुंचे. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सत्तारूढ़ दलों के कई नेताओं ने भी शोक प्रकट किया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

