Ranchi: रांची पुलिस ने मोबाइल टावरों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पूर्व जियो साइट मैनेजर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टावरों से चोरी किया गया लाखों रुपये का सामान, एक बलेनो कार और अन्य उपकरण बरामद किए हैं.

जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2026 में चान्हों थाना क्षेत्र के सिलागाई, फुलडीह और पतरातू गांव स्थित मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी होने के मामले में चान्हों थाना में दर्ज किया गया था. नेटवर्क कंपनियों की शिकायत के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर डीएसपी खलारी रामनारायण चौधरी और इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
इसे भी पढ़ें:
तकनीकी जांच और एक वर्ष के दौरान हुई टावर चोरियों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने तौफिक अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने अकमल अंसारी, मुबारक अंसारी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी गौरी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया.
जांच में सामने आया कि तौफिक अंसारी पहले जियो कंपनी में साइट मैनेजर था. उसे मोबाइल टावरों में लगे महंगे उपकरणों की पूरी जानकारी थी. उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई टावरों को निशाना बनाया और चोरी का सामान कांके क्षेत्र के रिंग रोड स्थित कबाड़ी को बेच दिया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन, बलेनो कार , लगभग 75 फीट केबल, करीब 20 किलो केबल, टावर में उपयोग होने वाले तीन आरएम मशीन, बैटरी चार्जिंग मशीन तथा पांच टावर बैटरियां बरामद की हैं.
इस गिरोह की गिरफ्तारी से रांची जिले के 33 मोबाइल टावर चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है. इनमें कांके, पिठौरिया, नगड़ी, रातू, ओरमांझी, सिकिदिरी, अनगड़ा, बुढ़मू, ठाकुरगांव, मांडर, खलारी, चान्हों, इटकी, बेड़ो, लापुंग, बुंडू और राहे थाना क्षेत्रों में दर्ज मामले शामिल हैं.
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि गिरोह की गिरफ्तारी से मोबाइल नेटवर्क कंपनियों के टावरों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment