Search

 
 
 

मधुपुर उपचुनाव: 11 बजे तक 35.61 फीसदी वोटिंग, गंगा नारायण और हफीजुल ने भी डाले वोट

 

Madhupur: कोरोना संक्रमण के बीच मधुपुर में लोकतंत्र का महापर्व चल रहा है. उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है. कोरोना संक्रमण के डर और कड़ी धूप के बावजूद वोटर्स बूथों पर मतदान करने पहुंच रहे हैं. सुबह 11 बजे तक 35.61 फीसदी वोटिंग हुई. बीजेपी के प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह और जेएमएम प्रत्याशी हफीजुल हसन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सभी बूथों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मतदान कराया जा रहा है. बूथों के बाहर वोटर्स के खड़े होने के लिए सर्कल बनाया गया है. जहां खड़े होकर मतदाना अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं. महिला और बुजुर्ग मतदाताओं में भी उपचुनाव को लेकर काफी उत्साह दिख रहा है. दिव्यांग मतदाता भी पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं. मतदानकर्मी सभी वोटर्स को सैनिटाइजर देकर और थर्मल स्कैनर से जांच करने के बाद बूथ के अंदर भेज रहे हैं.

सोशल डिस्टेंसिंग के साथ वोटिंग

मधुपुर में अबतक शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है. कहीं से किसी गड़बड़ी या अप्रिय घटना की खबर नहीं आई है. कोरोना संक्रमण को देखते हुए मतदान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त कर्मियों और मतदाताओं के स्वास्थ्य सुविधाओं को देखते हुए पीपीई किट, सैनिटाइजर, ग्लव्स, मास्क, हैंड वॉश, थर्मल स्कैनर और फेस शील्ड की व्यवस्था की गई है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सकें.

447 बूथों पर हो रही वोटिंग

मधुपुर के 447 बूथों पर मतदान हो रहा है. उपचुनाव के नतीजे 2 मई को नतीजे आएंगे. इस बार उपचुनाव में 6 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं. भाजपा और झामुमो के प्रत्याशियों को छोड़ कर बाकी सभी प्रत्याशी निर्दलीय हैं. विधानसभा क्षेत्र के 3 लाख 22 हजार मतदाता इन सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. कुल मतदाताओं में 1.70 लाख पुरुष और 1.52 लाख महिला वोटर हैं.

245 बूथों पर वेबकास्टिंग से नजर

मतदान को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. 245 संवेदनशील बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है. जिसमें कंट्रोल रूम से नजर रकी जा रही है. जिला कंट्रोल रूम के साथ-साथ निर्वाचन आयोग के वरीय अधिकारी भी लाइव वेबकास्टिंग से मतदान केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाये हुए हैं. जिला निर्वाची पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं को मास्क के साथ शत प्रतिशत अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही