Search

 
 
 

गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड: देहरादून पुलिस पहुंची जमशेदपुर, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या मामले में जांच तेज हो गई है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में देहरादून पुलिस की विशेष टीम जमशेदपुर पहुंच चुकी है और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्ध आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
 

Jamshedpur: देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या मामले में जांच तेज हो गई है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में देहरादून पुलिस की विशेष टीम जमशेदपुर पहुंच चुकी है और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्ध आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.  आरोपी पुलिस को लगातार चकमा देकर फरारी में कामयाब हो रहे है.


पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में बागबेड़ा के विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद और जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार सिंह का चेहरा सामने आया है. घटना के बाद से ही तीनों फरार बताए जा रहे हैं. देहरादून पुलिस जमशेदपुर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हुई है.

 

हत्या का मास्टर माइंड कौन?

इस बीच इलाके में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि विक्रम शर्मा की हत्या के पीछे आखिर मास्टर माइंड कौन है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, गैंगवार या आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई तो वजह नहीं है.

 

अपराधियों के तस्वीरें आई सामने

जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्या में शामिल संदिग्ध अपराधियों की तस्वीरें भी सामने आई हैं. पुलिस इन तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है.

 

अमरनाथ सिंह हत्याकांड में जेल जा चुका है विशाल

आरोपी विशाल सिंह बागबेड़ा गाराबासा का रहने वाला है. वह वर्ष 2023 में गैंगस्टर अमरनाथ सिंह की बाबाधाम में गोली मारकर हत्या मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था.

 

शराब कारोबारी हत्याकांड में जेल गया था आकाश 

आकाश कुमार प्रसाद परसुडीह थाना क्षेत्र के नामोटोला का रहने वाला है. वह अक्टूबर 2024 में शराब कारोबारी विजय साहू की हत्या मामले में जेल गया था. इसके अलावा भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं.

 

फायरिंग मामले में जेल जा चुका है आशुतोष

जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार सिंह 22 मई 2023 को टाटानगर रेलवे कार पार्किंग परिसर में नीरज दुबे पर फायरिंग मामले में जेल जा चुका है. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है. फिलहाल देहरादून पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश जारी है कि इस सनसनीखेज हत्या की साजिश किसने रची और इसके पीछे असली मास्टर माइंड कौन है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही