Search

 
 
 

गढ़वा: रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद में अब तक 20 लोग गिरफ्तार

गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, वहीं 220 से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
 
  • 72 नामजद और 220 से अधिक अज्ञात लोगों पर एफआईआर

Garhwa : गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 से अधिक लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, वहीं 220 से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.

 

घटना की शुरुआत 25 मार्च को उस समय हुई थी, जब पारंपरिक वाद्य यंत्रों और साउंड सिस्टम के साथ जुलूस कौआखोह की ओर बढ़ रहा था. बिचला टोला के पास रास्ता रोके जाने को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई थी, जिसे पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर नियंत्रित कर लिया था.

 

इसके बावजूद 26 मार्च को मनमोहर चौक पर कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया. शाम में दोबारा जुलूस निकालने की कोशिश के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और पथराव की घटना सामने आई.

 

स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने संयमित तरीके से कार्रवाई करते हुए हल्का बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनका इलाज जारी है.

 

रातभर चली छापेमारी में अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है.

 

गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पूरे मामले पर सकारात्मक और सख्त रुख दिखाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है और किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा.

 

एसपी ने यह भी कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति बहाल हो चुकी है. आम जनता से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें. गढ़वा पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

 

उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारी हो सकती है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही