Search

 
 
 

Garhwa News: गढ़वा में निजी अस्पताल पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, जांच के बाद कराया गया बंद

शहर के कचहरी रोड स्थित दिव्यकमल हॉस्पिटल पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया. यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ कैनेडी के संयुक्त औचक निरीक्षण के बाद की गई.
 

Garhwa: शहर के कचहरी रोड स्थित दिव्यकमल हॉस्पिटल पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया. यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ कैनेडी के संयुक्त औचक निरीक्षण के बाद की गई.

 

जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई है. इसी सूचना के सत्यापन के लिए अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची. जांच के दौरान संबंधित मरीज नहीं मिला, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं पाया गया.

 

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अस्पताल में मरीजों का इलाज चिकित्सकों की जगह कंपाउंडरों के भरोसे किया जा रहा था. सिविल सर्जन ने बताया कि जिन चिकित्सकों के नाम अस्पताल से जुड़े बताए जा रहे थे, उन्होंने पहले ही सिविल सर्जन कार्यालय को लिखित रूप से सूचित कर दिया था कि वे वहां कार्यरत नहीं हैं. इसके बावजूद अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी और पैथोलॉजी सेवाएं संचालित की जा रही थीं.

 

जांच के दौरान कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं. अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में आवश्यक विशेषज्ञ कर्मियों की कमी थी, जबकि विभिन्न चिकित्सकों के नाम बोर्ड पर प्रदर्शित किए गए थे. प्रशासन ने पाया कि नियमों के विपरीत चिकित्सा संबंधी कार्य किए जा रहे थे.

 

एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि अस्पताल पहले भी विवादों में रहा है और फर्जी प्रमाणपत्रों के मामले में पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि उपलब्ध तथ्यों और जांच में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए अस्पताल को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया गया है. मरीज की मौत की सूचना की पुष्टि नहीं हो सकी है, हालांकि पूरे मामले की आगे जांच की जाएगी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही