Garhwa: कहा जाता है कि यदि प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशीलता और इच्छाशक्ति के साथ काम करें तो गांवों की तस्वीर बदलने में देर नहीं लगती. बरडीहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने इसी सोच को जमीन पर उतारने की पहल की है. पदभार ग्रहण करने के बाद से उन्होंने सुदूर गांवों तक पैदल पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनका त्वरित समाधान कराने की परंपरा शुरू की है.

इसी क्रम में बुधवार सुबह वे अपने आवास से करीब 9 किलोमीटर पैदल चलकर सुखनदी पंचायत के लेवाटांड गांव पहुंचे और चौपाला में लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता चौपाल में ग्रामीणों ने भूमि विवाद, वन पट्टा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं. अधिकारी ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए.
वन पट्टा विवाद सुलझाने की पहल
जनता चौपाल में आदिवासी परिवारों ने शिकायत की कि उन्हें वर्षों पहले वन पट्टा मिला था, लेकिन खेती करने पर वन विभाग की ओर से रोक लगाई जाती है. इस पर बीडीओ सह सीओ ने तुरंत संबंधित वनकर्मी से बात की. निर्णय लिया गया कि जमीन की सरकारी नापी कराकर सीमा स्पष्ट की जाएगी, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके.
इसे भी पढ़ें:
बंदोबस्ती पर्चा वाली जमीन को लेकर भी ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई. इस पर अंचल अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सरकारी नापी कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा.
रुकी पेंशन पर तुरंत कार्रवाई
चौपाल में कई ग्रामीणों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद होने की शिकायत की. अंचल अधिकारी ने संबंधित लाभुकों के दस्तावेज मौके पर ही मंगवाए और पंचायत सहायक को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर किया जागरूक
प्रवीण कुमार सिंह ने ग्रामीणों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की जानकारी दी और कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है तो वह तुरंत अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराए.
उन्होंने ग्रामीणों को वन पट्टा, भूमि संबंधी कानूनी प्रक्रियाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी, ताकि लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर योजनाओं का लाभ उठा सकें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment