Garhwa News: जिले के रमना बाजार स्थित प्राचीन शिवालय के पास शुक्रवार को आवासीय भवन निर्माण के लिए नींव की खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से एक पुरानी लोहे की तिजोरी बरामद हुई. तिजोरी मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी और इलाके में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गयी.
इसे भी पढ़ें:
बताया गया कि भवन निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई करायी जा रही थी. इसी दौरान मशीन के झटके से जमीन के भीतर दबे लोहे के सामान का पता चला. इसके बाद मशीन का काम रोककर सावधानी से मिट्टी हटायी गयी तो पुरानी लोहे की तिजोरी नजर आयी. खुदाई के दौरान तिजोरी का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आयी है.
शिवालय के समीप जमीन के अंदर से पुरानी और जंग लगी तिजोरी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में इसके इतिहास को लेकर उत्सुकता बढ़ गयी. लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं. कुछ लोगों का मानना है कि तिजोरी काफी पुरानी हो सकती है. हालांकि, इसकी वास्तविक उम्र और महत्व जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रमना थाना पुलिस ने तिजोरी को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस स्तर से तिजोरी और उससे जुड़ी वस्तुओं की जांच की जा रही है. साथ ही जमीन के अंदर से मिली इस वस्तु के स्वामित्व और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

