Search

 
 
 

गढ़वाः पत्नी ने पति को जहर देकर मार डाला, पति से ही खरीदवाया था कीटनाशक

बुद्धनाथ की शादी 11 मई को हुई थी. शादी के दूसरे दिन ही बुद्धनाथ की पत्नी सुनीता देवी मायके चली गई थी. वहां उसने अपने परिजनों से ससुराल नहीं जाने की बात भी कही थी.
 

Garhwa : गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या जैसी घटना सामने आई है. यहां बुद्धनाथ सिंह नामक व्यक्ति को उसकी पत्नी सुनीता देवी ने जहर देकर हत्या कर दी. बुद्धनाथ की शादी 11 मई को हुई थी. बुद्धनाथ के परिजनों ने बताया कि शादी के दूसरे दिन ही बुद्धनाथ की पत्नी सुनीता देवी मायके चली गई थी. वहां उसने अपने परिजनों से ससुराल नहीं जाने की बात भी कही थी. मृतक के परिवारवालों के मुताबिक सुनीता को बुद्धनाथ शुरू से ही पसंद नहीं था. वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी.

बुद्धनाथ के ससुराल व घर के लोगों ने इस शादी को बनाए रखने के लिए पूरा प्रयास किया था.  5 जून को दोनों पक्षों के बीच पंचायती के बाद बुद्धनाथ सिंह सुनीता की विदाई कराकर अपने घर ले आया. 12 दिन तक सुनीता किसी तरह बुद्धनाथ के साथ उसके घर में रही. शनिवार को दोनों पति-पत्नी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में बाजार करने गए हुए थे. सुनीता के कहने पर बुद्धनाथ ने बाजार से कीटनाशक दवा खरीदी थी. सुनीता ने कहा था कि फसलों में लग रहे कीड़े को मारने के लिए दवा की आवश्यकता है. बुद्धनाथ को यह कहां पता था कि जो कीटनाशक वह खरीद रहा है उसी से उसकी हत्या कर दी जाएगी. सुनीता ने बुद्धनाथ को कीटनाशक देकर मार डाला.

मृतक की मां राजमती देवी के आवेदन पर रंका थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. थाने में दिये आवेदन में मां ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या बहू ने कर दी है. उसकी बहू कभी भी उसके बेटे के साथ रहना नहीं चाहती थी. समाज व परिवार के भय से वह ससुराल आ गई थी. वहीं, रंका पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने कहा कि आरोपी महिला से गहनता से पूछताछ में उसने पति की हत्या की बात स्वीकार कर ली है. माहिल को गढ़वा जेल भेजा जा रहा है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही