Ranchi: NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में शनिवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-युवा जुटे. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने अल्बर्ट एक्का चौक को दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर स्थायी प्रदर्शन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई.
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अल्बर्ट एक्का चौक पर लगभग 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो.

अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन करते छात्र
इसे भी पढ़ें -
गड़बड़ियों की तय हो जिम्मेवारी - छात्र
युवाओं का कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. उनका आरोप था कि लंबे समय से विरोध प्रदर्शन जारी रहने के बावजूद सरकार की ओर से छात्रों से कोई सीधा संवाद नहीं किया गया है. प्रदर्शन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों के प्रदर्शन के समय हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया गया. पुलिस पर बल प्रयोग के आरोप लगाए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की.
वहीं प्रदर्शन स्थल पर विरोध के स्वरूप को लेकर भी चर्चा हुई. कुछ लोगों ने गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चलाने की बात कही, जबकि कई छात्रों ने अपने आंदोलन को अधिकारों की लड़ाई बताते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की.
इस प्रदर्शन में छात्रों के अलावा अभिभावकों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी भाग लिया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए.
पुलिस ने दी छात्रों को सलाह
वहीं वहां तैनात पुलिस ने युवाओं से कहा कि यदि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा, तो उनकी आवाज प्रभावी ढंग से सामने आएगी और पुलिस प्रशासन भी सहयोग करेगा. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की स्थिति से बचने के लिए संयम बनाए रखना आवश्यक है, ताकि पुलिस को कोई सख्त कार्रवाई न करनी पड़े. पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले युवाओं के साथ पुलिस प्रशासन खड़ा है, लेकिन किसी भी तरह की अव्यवस्था या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment