- सहजानंद, दिनदयाल और अरगोड़ा चौक पर बैरिकेडिंग की वजह से बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था
Ranchi : कांग्रेस के बीजेपी कार्यालय घेराव के कारण आज गुरुवार को हरमू रोड और आसपास के इलाकों की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. सुरक्षा के लिहाज से लगाई गई बैरिकेडिंग के कारण हरमू रोड, सहजानंद चौक, अरगोड़ा चौक, दीनदयाल चौक सहित अन्य इलाकों में लंबा जाम लग गया.
स्कूल बस सहित अन्य वाहन घंटों जाम में फंसी रहीं, जिससे वाहन चालक और राहगीर परेशान रहे. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हुई. कई स्कूल बसें लंबे समय तक जाम में फंसी रहीं, जिससे बच्चे समय पर अपने घर नहीं पहुंच सके. बस चालकों को भी वैकल्पिक मार्ग तलाशने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

बता दें कि बीजेपी कार्यालय घेराव को लेकर कार्यालय से करीब 200 मीटर पहले बैरिकेडिंग की गई थी. इसके अलावा सहजानंद चौक, अरगोड़ा चौक और दीनदयाल चौक सहित कई स्थानों पर बैरिकेड लगाकर विभिन्न मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई. इसका असर पूरे दिन शहर के यातायात पर देखने को मिला.
सहजानंद चौक पर बैरिकेडिंग के कारण अरगोड़ा की ओर जाने वाले सभी वाहनों को कडरू रोड की तरफ डायवर्ट किया गया. डायवर्जन की वजह से बसंत विहार कॉलोनी के सामने लंबा जाम लग गया. वहीं हरमू पटेल चौक, हरमू, अरगोड़ा और अशोक नगर की ओर जाने वाली सड़कों पर भी वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया.
सहजानंद चौक से डायवर्ट होकर आने वाले वाहन हरमू पटेल चौक पहुंचे, जहां से चालक हरमू चौक की ओर निकलने की कोशिश करते रहे. इस दौरान एप्रोच रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही. कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए स्थानीय लोगों से वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेनी पड़ी.
वहीं प्रदर्शन को लेकर दीनदयाल चौक के पास भी बैरिकेडिंग की गई, जिससे इस मार्ग पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की आवाजाही काफी कम रही.
अरगोड़ा चौक पर भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर हरमू की ओर आने वाले सभी छोटे और बड़े वाहनों को कडरू रोड की तरफ मोड़ दिया, इससे कडरू रोड पर वाहनों का भारी दबाव बन गया और दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रही. जाम में आम लोगों के साथ-साथ पुलिस के वाहन भी फंसे रहे. वहीं रिम्स जाने वाली एंबुलेंसों को भी लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ा.
जाम के कारण कई स्कूल बसें लंबे समय तक जाम में फंसी रहीं, जिससे स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हुई. जाम के कारण बच्चे समय पर घर नहीं पहुंच सके. बस चालकों को भी वैकल्पिक मार्ग तलाशने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment