Ranchi: ब्लैक लिस्टेड कंपनी TDPL के मैनेजर मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी ने जालसाजी कर खुद को JSSC और JPSC की कई परीक्षाओं में सफल घोषित कर रखा था. इसमें प्रशिक्षित शिक्षक (TGT), प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO), रेंज ऑफिसर (RFO), असिस्टेंट कंजरवेटर (ACF), फुड सेफ्टी ऑफिसर (SFO) की परीक्षा शामिल है. उसके इस कारनामे की वजह से कर्मचारी चयन आयोग और जेपीएससी द्वारा इन परीक्षाओं के सहारे हुई नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर पैसा लेकर अयोग्य लोगों को नियुक्त किये जाने की आशंका जतायी जा रही है.
मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी JSSC और JPSC में सक्रिय फर्जी नियुक्ति के सिंडिकेट के सरगना के रूप में काम करता था. पैसा देकर नियुक्त होने वालों को वह इन परीक्षाओं को खुद को सफल कराने को नियुक्ति की गारंटी के रूप में पेश करता था. सिंडिकेट में उसमान सहित कुछ और लोग पैसा देकर नियुक्त होने वालों की तलाश करते थे. बताया जाता है कि इन पदों पर नियुक्ति के लिए 10-25 लाख रुपये की दर से वसूली की जाती थी. साथ ही मनोज उर्फ अभय तिवारी के रिजल्ट को दिखाकर पैसा देने वालों को विश्वास दिलाया जाता था और लिखित गारंटी दी जाती थी. परीक्षा का सारा काम उसी की कंपनी के पास होने की वजह से वह पैसा लेकर अयोग्य लोगों को सफल घोषित कराता रहा है.

JSSC CGL exam 2023 में अभय तिवारी सफल
मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी ने JSSC द्वारा आयोजित CGL-2023 की परीक्षा में खुद को जालसाजी कर सफल घोषित कराया था. कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में उसका रौल नंबर 10309146 था. उसने इस परीक्षा में खुद को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) वर्ग में अंग्रेजी शिक्षक के रूप में सफल घोषित किया था.

TGT में अभय तिवारी की सफलता
सभी आवश्यक प्रक्रिया पूरा करने के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने नियुक्त किये गये शिक्षकों को अलग-अलग स्कूलों में योगदान करने के लिए 15 जुलाई 2024 को आदेश जारी किया था. इसमें अभय कुमार तिवारी (पिता सुखदेव तिवारी) को शशिभूषण राय प्लस-2 हाई स्कूल सिमरिया, देवघर में योगदान करने का निर्देश दिया गया था. लेकिन उसी आदेश में उसे आर. मित्रा डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सिलेंस, देवघर में प्रतिनियुक्त भी कर दिया गया था. इससे विभाग में उसकी शक्ति का अंदाज लगाया जा सकता है.

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी परीक्षा में सफल अभय तिवारी उर्फ मनोज तिवारी
मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी ने कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की परीक्षा में जालसाजी कर खुद को सफल घोषित कर रखा था. यह परीक्षा भी कर्मचारी चयन आयोग द्वारा वर्ष 2023 में ही आयोजित की गयी थी. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के रिजल्ट में मनोज उर्फ अभय तिवारी का नाम मेरिट लिस्ट के दूसरे नंबर पर था. आयोग द्वारा की गयी नियुक्ति की अनुशंसा के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा सर्टिफिकेट की जांच के लिए आदेश जारी किया था. आदेश के साथ आयोग द्वारा अनुशंसित सूची के दूसरे नंबर पर अभय कुमार तिवारी का नाम शामिल है. इसमें उसका रौल नंबर 1237696 था.

ACF परीक्षा में सफल अभय तिवारी
मनोज उर्फ अभय कुमार तिवारी ने झारखंड राज्य लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट (ACF) की प्रारंभिक परीक्षा (PT) में भी जालसाजी कर खुद को सफल घोषित करा रखा था. आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 3/2024 के आलोक में आयोजित परीक्षा में अभय तिवारी का रौल नंबर 2400086 था.
अभय तिवारी ने JPSC द्वारा विज्ञापन संख्या 4/2024 के आलोक में आयोजित फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर की परीक्षा में भी जालसाजी कर खुद को सफल घोषित किया था. फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर की परीक्षा में उसका रौल नंबर 24400147 था. जेपीएससी द्वारा आयोजित फुड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) की परीक्षा में भी उसने जालसाजी कर खुद को सफल घोषित कर रखा था. आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में उसका रौल नंबर 23180018 था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment