Search

 
 
 

गिरिडीह: प्रेमी युगल को लेकर कोर्ट के बाहर दो परिवारों में मारपीट

जिले के कचहरी परिसर के बाहर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी युगल के विवाह को लेकर दो परिवार आमने-सामने आ गए. एक पक्ष जहां इस रिश्ते को स्वीकार करने के पक्ष में था, वहीं दूसरा पक्ष इसे जबरन कराया गया विवाह बताते हुए विरोध कर रहा था.
 

Giridih : जिले के कचहरी परिसर के बाहर बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रेमी युगल के विवाह को लेकर दो परिवार आमने-सामने आ गए. एक पक्ष जहां इस रिश्ते को स्वीकार करने के पक्ष में था, वहीं दूसरा पक्ष इसे जबरन कराया गया विवाह बताते हुए विरोध कर रहा था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक और हाथापाई होने लगी, जिससे कोर्ट परिसर के बाहर लंबे समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.

 

गांव में रातों-रात कराई गई शादी, सुबह पहुंचा मामला कोर्ट 

जानकारी के मुताबिक, राजधनवार थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान ग्रामीणों और युवती के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और कथित तौर पर दबाव बनाकर दोनों की शादी करवा दी.

 

अगले दिन युवती पक्ष के लोग इस विवाह को कानूनी मान्यता दिलाने के लिए युवक को लेकर गिरिडीह कोर्ट पहुंचे. इस बात की भनक लगते ही युवक के परिजन भी वहां पहुंच गए और शादी को मानने से साफ इनकार कर दिया.

 

कोर्ट गेट पर बवाल, पुलिस ने संभाला मोर्चा 

कोर्ट के मुख्य द्वार के पास ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई. स्थिति बिगड़ती देख नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया.

 

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर प्रेमी युगल को अपने साथ थाना ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, जिसमें ‘जबरन शादी’ के आरोपों की भी पड़ताल शामिल है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही