Giridih News : कोलकाता के बेनियापुकुर थाना इलाके में एक ठेकेदार के घर से चोरी हुए सोने के आभूषण मामले में गिरिडीह में कोलकाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित आरोपी के ससुराल से कीमती आभूषण बरामद किए गए है.
आभूषणों की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है. इस मामले में कोलकाता पुलिस ने जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्ज़ागंज निवासी घुपन पासवान (पिता बंसी पासवान) को गिरफ्तार किया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घुपन पासवान कोलकाता में एक बड़े ठेकेदार के घर में कोठी बारी और रसोइये का काम करता था.
आरोप है कि कुछ दिन पहले उसने ठेकेदार के घर से सोने के आभूषण चोरी कर लिए और इन्हें छिपाकर पचम्बा थाना अंतर्गत कमरसाली स्थित अपनी ससुराल में रखवा दिया. उसकी सास का नाम देवकी देवी बताया जा रहा है.
ठेकेदार की शिकायत पर बेनियापुकुर थाना में कांड संख्या 280/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान कोलकाता पुलिस ने घुपन पासवान को गिरफ्तार कर उससे कड़ी पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उसने चोरी की बात स्वीकार की.
उसकी निशानदेही पर कोलकाता पुलिस गिरिडीह पहुंची और पचम्बा थाना पुलिस टीम के साथ मिलकर कमरसाली में छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में सोने के कीमती आभूषण बरामद किये गये. बरामदगी के बाद आरोपी को साथ पुलिस कोलकाता ले गई. पुलिस ने पत्रकारों से बात करते हुए बरामद सोने की सटीक मात्रा व कीमत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.


