Search

 
 
 

गिरिडीह: पचंबा में इंजीनियरिंग कॉलेज का मंत्री सुदिव्य व विधायक कल्पना सोरेन ने किया शिलान्यास

गिरिडीह जिले के पचंबा अंतर्गत जरिडीह में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल के तहत इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण होने जा रहा है. इंजीनियरिंग कॉलेज का शुक्रवार को मंत्री सुदिव्य सोनू और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने शिलान्यास किया.
 

Giridih: गिरिडीह जिले के पचंबा अंतर्गत जरिडीह में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल के तहत इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण होने जा रहा है. इंजीनियरिंग कॉलेज का शुक्रवार को मंत्री सुदिव्य सोनू और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने शिलान्यास किया. 


करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाला यह कॉलेज करीब 35 एकड़ भूमि में स्थापित होगा. इस परियोजना के शुरू होने से जिले के शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. इस मौके पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि यह इंजीनियरिंग कॉलेज गिरिडीह समेत आसपास के क्षेत्रों के छात्रों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा. अब छात्रों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. 

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रही है और यह कॉलेज उसी दिशा में एक अहम कदम है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गिरिडीह को कई सौगातें मिली हैं और आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में और योजनाएं लाई जाएंगी. साथ ही कहा कि आने वाले समय में पचंबा क्षेत्र “एजुकेशन हब” के रूप में अपनी पहचान बनाएगा.

 

वहीं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड में जन्म लेने वाले हर बच्चे का भविष्य उज्ज्वल बनाना है. खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं. उन्होंने “गुरुजी क्रेडिट कार्ड” योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी, जिससे वे बिना किसी दबाव के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे.

 

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गरीब और प्रतिभाशाली छात्रों को विदेश में पढ़ाई का अवसर दे रही है. वर्तमान में 100 से अधिक छात्र विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठा रही है. विधायक ने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज बनने से न केवल शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होने से युवाओं का भविष्य संवरने के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास भी होगा.

 

कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने. लोगों ने उम्मीद जताई कि यह संस्थान आने वाले समय में गिरिडीह को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही