Search

 
 
 

Giridih News : युवक का अपहरण कर मांगी थी 10 लाख की फिरौती, 5 आरोपी गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि 24 मई की शाम करीब 7:50 बजे गाण्डेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष) का दोपहर करीब 2 बजे खंडोली के पास से बाइक समेत अपहरण कर लिया गया है. अपहरणकर्ता फोन कर फिरौती की मांग कर रहे हैं.
 
गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते एसपी डॉ बिमल कुमार.

Giridih : गिरिडीह जिला पुलिस ने युवक का अपहरण पर फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. यह जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने सोमवार को प्रेसवार्ता में दी.

 

एसपी ने बताया कि 24 मई की शाम करीब 7:50 बजे गाण्डेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष) का दोपहर करीब 2 बजे खंडोली के पास से बाइक समेत अपहरण कर लिया गया है. अपहरणकर्ता फोन कर फिरौती की मांग कर रहे हैं.

 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन कर छापेमारी शुरू की गई. टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से छापेमारी कर अपहृत तसलीम अंसारी को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाइना मोड़ स्थित चुंजका जंगल से सकुशल बरामद कर लिया. घटना में शामिल पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.


तसलीम अंसारी ने पुलिस को बताया कि अपहरणकर्ताओं ने उनसे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. अपराधियों ने क्यूआर कोड भेजकर परिवार से 24 हजार रुपये ट्रांसफर भी करवा लिए थे.

 

गिरफ्तार आरोपियों में पिपराधोडा निवासी मो. सोहेल, चैताडीह निवासी आदिल अंसारी, इरशाद अंसारी, मोहनपुर निवासी मो. समीर अंसारी व अफरीदी शाह शामिल हैं. उनलोगों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए अपने दो साथियों राजा व जाफर उर्फ लल्लुआ के भी घटना में शामिल होने की जानकारी दी है. दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहृत तसलीम अंसारी की बाइक, घटना में प्रयुक्त दो अन्य बाइक व दो मोबाइल फोन जब्त किये हैं. छापेमारी टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही