Giridih News: गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ में आयोजित आजसू पार्टी के ‘युवा जनसंवाद’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. कार्यक्रम में आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने युवाओं और महिलाओं से सीधा संवाद किया.
इसे भी पढ़ें:
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति सोशल मीडिया के दिखावे से नहीं, बल्कि जनता के बीच संघर्ष, सेवा और समर्पण से तय होगी. कहा, “हम रील वाले नहीं, रियल वाले हैं. हम सोशल मीडिया की गर्भ से नहीं, सोशल वर्क से पैदा हुए हैं. हमने झारखंड आंदोलन को सिर्फ पढ़ा नहीं, बल्कि झारखंड को गढ़ा है.”
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन और आजसू की विरासत संघर्ष, बलिदान तथा जनभागीदारी की रही है. इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा होना और उसके अधिकारों की लड़ाई लड़ना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, अधिकार, स्वाभिमान और विकास से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाना है. राज्य का भविष्य नारों, प्रचार और चुनावी वादों से नहीं, बल्कि जनसंघर्ष, जवाबदेही, जनभागीदारी और धरातल पर किए गए कार्यों से बनेगा.
सुदेश महतो ने कहा कि चुनावी रेवड़ियों और लोकलुभावन वादों से झारखंड के लोगों का भविष्य सुरक्षित नहीं किया जा सकता. राज्य को ऐसी राजनीति की जरूरत है, जो युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा, सम्मान और अवसर उपलब्ध कराए. साथ ही, झारखंड के संसाधनों का लाभ यहां के लोगों तक पहुंचना चाहिए.
युवाओं से अपील करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि वे केवल चुनावी चर्चाओं तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और पंचायतों की समस्याओं को समझें तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएं. युवाओं को स्वयं नेतृत्वकर्ता बनकर समाज और राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए.
उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझेंगे, तो भ्रष्टाचार और माफियाराज के खिलाफ संघर्ष कमजोर होगा. सरकार की जवाबदेही तय करना और जनता के अधिकारों की रक्षा करना लोकतंत्र की बुनियादी जरूरत है.
कार्यक्रम में आजसू के जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, जिला उपाध्यक्ष शंभू शरण सिंह, पीरटांड़ प्रखंड अध्यक्ष मेराज आलम, प्रखंड सचिव प्रकाश पंडित, प्रखंड की 17 पंचायतों के अध्यक्ष, यशोदा देवी, वीणा देवी, प्रियंका शर्मा सहित पार्टी के केंद्रीय नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

