Search

 
 
 

Giridih News : डंके की गुंज के बीच खुब लगे या अली..या हुसैन के नारे, आखाड़ा कमिटियों ने किया उम्दा खेलो का प्रदर्शन

हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाने वाला मुहर्रम का पर्व शुक्रवार को पूरे जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया
 
  • विभिन्न अखाड़ा कमिटियों के मंच पर पहुंचे मंत्री सुदिव्य कुमार, उम्दा खेलों का प्रदर्शन कर रहे युवाओं का बढ़ाया उत्साह 
  • अलर्ट मोड़ में दिखा जिला व पुलिस प्रशासन, डीसी और एसपी बनाए हुए थे नजर 

Giridih: हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाने वाला मुहर्रम का पर्व शुक्रवार को पूरे जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अखाड़े और ताजिया जुलूस निकाले गए.शहर से लेकर गांव तक डंके की गुंज पर खिलाड़ियों के द्वारा एक से बढ़कर एक उम्दा खेलों की नुमाइश की गई. परंपरागत हथियारों के साथ अखाड़ा में शामिल युवाओं ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाया. 

 

 

वहीं दिन में शहर और आसपास के इलाकों से ताजिया जुलूस पूरे धार्मिक अनुशासन के साथ निकाला गया. इमाम हुसैन की शहादत की याद में अकीदतमंद या हुसैन की सदाएं बुलंद करते हुए जुलूस में शामिल हुए. ताजिया अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा. रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों के लिए शरबत व पेयजल की व्यवस्था की. 

 

शाम को निकलने वाले अखाड़े को लेकर शहर के मौलाना आजाद चौक पर मोहर्रम एकता मंच, बरवाडीह में अंजुमन इस्लामिया अखाड़ा कमेटी, अंजुमन अखाड़ा कमेटी मोहनपुर के अलावे भंडारीडीह मुहर्रम अखाड़ा कमिटि, मोहलीचुवां, मोहनपुर अखाड़ी कमिटी के द्वारा भव्य मंच बना कर अखाड़ियों के लिए बेहतर लाइट, पानी व जूस आदि की व्यवस्था की गई थी.

 

जहां विभिन्न मुहल्लों से निकलने वाले अखाड़ा कमिटियों के द्वारा एक से बढकर एक उम्दा खेलों का प्रदर्शन किया गया. साथ ही विभिन्न अखाड़ा कमिटियों के द्वारा प्रस्तुत किए गए उम्दा खेलों को देखते हुए उन्हें आयोजकों के द्वारा सम्मानित भी किया गया.

 

इस दौरान सूबे के मंत्री सुदिव्य कुमार, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ बिमल कुमार, डीडीसी स्मिता कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ सहित अन्य पदाधिकारी विभिन्न अखाड़ा कमिटियों के मंच पर पहुंचे और उम्दा खेलों का प्रदर्शन कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाया. इस दौरान कमिटी के द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया. 
 

इधर मुहर्रम के मौके पर सुरक्षा को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर दिखी. जिले भर में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी के साथ जवान तैनात थे. डीसी रामनिवास यादव व एसपी डॉ विमल कुमार लगातार नजरे बनाए हुए थे. 

 

संवेदनशील व अतिसंवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही थी. वहीं प्रशासनिक स्तर पर सभी जगहों की वीडिओग्राफी भी की जा रही थी. जिले के सभी अनुमंडल में एसडीएम के साथ-साथ थाना प्रभारी भी पुलिस जवानों द्वारा गस्ती में लगे हुए थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही