Giridih News: जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत गदर पंचायत भवन के पीछे बंद पड़े खदान में डूबे एक व्यक्ति का शव कड़ी मशक्कत के बाद 24 घंटे से अधिक समय बाद निकाला गया. शव बाहर आते ही परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया.
इसे भी पढ़ें:
जानकारी के मुताबिक, गदर निवासी 40 वर्षीय मनोज यादव गुरुवार की दोपहर बंद पड़ी खदान के समीप अपने पशुओं को चरा रहे थे. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे खदान के गहरे पानी में डूब गए. घटना को देख आसपास पशु चराने वाली महिलाओं ने हो-हल्ला मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया.
बताया जा रहा है कि करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद खदान से चार से पांच फीट पानी निकाला गया और झगड़ (जाल/रस्सी) डालकर शव की तलाश शुरू की गई. तलाश के क्रम में शव झगड़ में फंस गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

