Giridih News : गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के झारकट्टा गांव के समीप मंगलवार को नदी किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला. युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चिरैया घाट निवासी दीपक बर्णवाल के रूप में हुई है. दीपक गुजरात में रहकर काम करता था. करीब 15 दिन पहले ही वह घर लौटा था. वह पिछले दो दिनों से घर लापता था.
इसे भी पढ़ें
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को झारकट्टा गांव नीचे टोला के कुछ लोग नदी की ओर गए थे, जहां उनकी नजर नदी किनारे पड़े शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तुरंत गांडेय थाना को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की. युवक की जेब से मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे. शव देखते ही वे फूट-फूटकर रो पड़े. भाई संजय कुमार ने बताया कि दीपक दो दिन पहले घर से निकला था. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला.
संजय कुमार ने बताया कि दीपक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस के अनुसार, मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

