Search

Giridih News : मोबाइल में APK फाइल भेजकर खाते से पैसे उड़ा लेते थे साइबर अपराधी, 6 गिरफ्तार

Giridih :  जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में साइबर थाना की पुलिस ने बेंगाबाद इलाके में छापेमारी कर 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस बात की जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर दी. 

 

एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी आबिद खां के नेतृत्व में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बसनबारी, कोलहरिया जंगल में छापेमारी की गई. इस दौरान मौके से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.

 

गिरफ्तार अपराधियों में महेंद्र कुमार मंडल (28, ग्राम-रातोडीह), कृष्णा कुमार मंडल (24,ग्राम-साठीबाद), ईश्वर मंडल (28, ग्राम-विष्णुपुर), पंकज कुमार मंडल (19, ग्राम-विष्णुपुर), रंजीत कुमार मंडल (19, ग्राम-विष्णुपुर) और आदित्य कुमार मंडल उर्फ राजा बाबू (19, ग्राम-विष्णुपुर) शामिल हैं. सभी बेंगाबाद के रहने वाले हैं. 

 

Uploaded Image

 

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी फर्जी APK फाइल का लिंक मोबाइल में भेजते थे. जैसे ही सामने वाला लिंक पर क्लिक करता, साइबर अपराधी मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे. पुलिस ने इन सभी अपराधियों के पास से 11 मोबाइल, 13 सिम कार्ड और 5 बाइक बरामद की है.

 

Uploaded Image

 

कृष्णा मंडल के खिलाफ पहले से गिरिडीह साइबर थाना में कांड संख्या-38/2023 व 43/2023 दर्ज है और वह जेल भी जा चुका है.  वहीं महेंद्र कुमार के खिलाफ मंडल सफदरगंज थाना (दिल्ली) में मामला दर्ज है और वह भी जेल जा चुका है.

 

इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या-10-14/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी दल में साइबर डीएसपी आबिद खां, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, गुंजन कुमार, संजय मुर्मियार, हवलदार हकिमुद्दीन अंसारी, अमरनाथ प्रसाद समेत पुलिस केंद्र का सशस्त्र बल शामिल थे. 

 

एसपी डॉ. बिमल कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी की आशंका पर तुरंत साइबर थाना या हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//