Giridih News : गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डिजायर कार से आ रहे आरोपी को दबोच लिया. उसके पास से 20 हजार रुपए नकद, 2 एटीएम कार्ड व मोबाइल बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक मंडल के रूप में हुई है. वह धनबाद जिले के मनियाडीह का रहनेवाला है.
इसे भी पढ़ें
गिरिडीह एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि डिजायर कार (नंबर JH10CK-8807) से एक साइबर अपराधी साइबर ठगी की रकम लेने गिरिडीह आ रहा है. इसके बाद साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने संदिग्ध डिजायर कार को रोककर जांच की और आरोपी दीपक मंडल को गिरफ्तार कर लिया. उसकी कार भी जब्त कर ली गई है.
पुलिस की पूछाताछ में दीपक मंडल ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी बैंक खाते खुलवाता था. इन फर्जी खातों को अपने साइबर साथियों को भेज देता था, जिनमें ठगी से प्राप्त रकम मंगाई जाती थी. रकम आने के बाद आरोपी और उसके साथी कमीशन के आधार पर पैसा निकालकर आपस में बांट लेते थे.
पुलिस के मुताबिक, दीपक मंडल के साइबर अपराध का इतिहास रहा है. उसके विरुद्ध धनबाद साइबर थाना में कांड संख्या 27/2021 व 09/2021 दर्ज हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों व फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

