Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Giridih News : स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर DC व SP ने किया परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण

स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, सुव्यवस्थित व गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
Advertisement
Advertisement

Giridih: स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, सुव्यवस्थित व गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.इसी क्रम में आज गिरिडीह झंडा मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया. 

 

इस मौके पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव व पुलिस अधीक्षक, डॉ. बिमल कुमार ने परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया. वहीं अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल, महिला व पुरुष पुलिस जवानों, गृह रक्षा वाहिनी के जवानों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न प्लाटूनों ने भाग लिया.इस दौरान परेड दलों ने निर्धारित अनुशासन, कदमताल एवं समन्वय के साथ अभ्यास किया. 

 

वहीं उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड की तैयारियों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों व प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मुख्य मंच, परेड ग्राउंड, अतिथि दीर्घा, आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सजावट, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा व आपातकालीन सेवाओं सहित समारोह स्थल की समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा की. 

 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सुरक्षा व जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की लोकतांत्रिक व संवैधानिक यात्रा, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का स्मरण कराने वाला महत्वपूर्ण अवसर है. समारोह में अनुशासन, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. 

 

उन्होंने परेड में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, उत्साह और देशप्रेम की ऊर्जा के साथ अपना शत-प्रतिशत योगदान दें, ताकि गिरिडीह में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं यादगार बनाया जा सके.उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान व गरिमा के साथ फहराएं तथा राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लें. 

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए समारोह की सभी व्यवस्थाओं को समय पर अंतिम रूप देने का निर्देश दिया.

 

वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम स्थल के अंदर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा वीआईपी एवं आम नागरिकों की आवाजाही के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, परेड प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही