Giridih News: गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला पर्यावरण समिति की बैठक की. बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वायु एवं जल प्रदूषण नियंत्रण तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है. पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध बालू खनन, अवैध डंपिंग, स्टोन माइंस एवं स्टोन क्रशरों की नियमित जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही औद्योगिक प्रतिष्ठानों में ETP/STP एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग की प्रभावी व्यवस्था, औद्योगिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण तथा दूषित जल को उपचार के बाद ही जल स्रोतों में प्रवाहित करने पर विशेष जोर दिया.
साथ ही प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराने एवं अस्पतालों, नर्सिंग होम समेत अन्य संस्थानों में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्धारित मानकों तथा आवश्यक CTO का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं प्रभावी प्रवर्तन के माध्यम से जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर निगम, झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सीसीएल सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

