Giridih: मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरला टांड गांव में हाल ही में घटित दंपति हत्याकांड के बाद उपायुक्त रामनिवास यादव ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी. उन्होंने परिवार के सदस्यों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इस दुःख की घड़ी में उनके साथ है तथा उन्हें हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

मौके पर उपायुक्त ने मृतक दंपति के परिजनों से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा परिवार की वर्तमान परिस्थितियों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए.
इसके साथ ही मृतक दंपति के बच्चों के शिक्षा, पालन-पोषण व भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मृतक दंपति के बच्चों के समुचित पालन-पोषण, शिक्षा एवं भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत लाभान्वित करते हुए आवश्यक आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए. इसके साथ ही बच्चों का शीघ्र विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके और वे विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग एवं संरक्षण प्रदान करेगा.इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आबिद खान, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरी व पीरटांड़, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता व योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए.
गांव भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान तथा लंबित विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया.
कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने तिरला टांड गांव की समग्र विकास आवश्यकताओं का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से उसे धरातल पर उतारने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के क्रम में सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दंपति हत्याकांड की जांच गंभीरता से की जा रही है तथा घटना में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.


Leave a Comment