- दिए जरूरी दिशा निर्देश
Giridih: उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आगामी 9 व 10 अगस्त, 2026 को आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक में महोत्सव के सफल व व्यवस्थित आयोजन हेतु विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि आदिवासी महोत्सव का आयोजन नगर भवन, गिरिडीह में भव्य व आकर्षक स्वरूप में किया जाएगा. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान आगंतुकों के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, फूड स्टॉल, आदिवासी पारंपरिक नृत्य एवं संगीत, नाट्य मंचन, पारंपरिक कला एवं वेशभूषा प्रदर्शनी सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा एवं विरासत का व्यापक रूप से प्रदर्शन किया जा सके.
उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिया कि जिले में स्थापित आदिवासी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं आसपास की स्वच्छता समय पर सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी माननीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विधिवत आमंत्रण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.
उन्होंने कहा कि महोत्सव स्थल को आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं की झलकियों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा, जिससे आगंतुकों को आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सजीव अनुभव प्राप्त हो सके.
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित दायित्वों का गंभीरता एवं समन्वय के साथ निर्वहन करते हुए आदिवासी महोत्सव से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन सफल, गरिमापूर्ण एवं जनसहभागिता से परिपूर्ण हो. बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment