- मरीज की मौत के बाद से चल रहा था फरार
Giridih News : गिरिडीह शहर के झिंझरी मोहल्ले में फर्जी फिजियोथेरेपी क्लीनिक के नाम पर नर्सिंग होम चल रहा था. पुलिस ने आरोपी डॉ. एनके सिन्हा को देवघर से गिरफ्तार किया है. वह पिछले करीब दो माह से फरार चल रहा था. पुलिस ने बुधवार अहले सुबह करीब चार बजे देवघर स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी कर उसे पकड़ा.
इसे भी पढ़ें
ज्ञात हो कि पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नंबर निवासी राजकुमार पासवान कंधे में दर्द की शिकायत लेकर डॉ. एनके सिन्हा के क्लीनिक में पहुंचे थे. परिजनों का आरोप था कि इलाज के दौरान डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया. इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद ही राजकुमार की तबीयत बिगड़ने लगी. अहले सुबह उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों ने क्लीनिक में जमकर हंगामा किया था. इसके बाद आरोपित डॉक्टर अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए नगर थाना पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की थी. मामले में सूबे के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भी संज्ञान लिया था.
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित देवघर में किराये के मकान में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

