Giridih News : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा पंचायत अंतर्गत सिजुआ गांव में मधुमक्खियों के काटने से 61 वर्षीय किसान की मौत हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, महादेव यादव शाम करीब चार बजे अपने खेत में खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे.इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा और उन्हें कई जगहों पर काट लिया.
महादेव यादव की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. खबर फैलते ही गांव के लोग उनके घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना देने लगे. ग्रामीणों ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.
इस बीच, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव और भाजपा नेता कामेश्वर पासवान ने घटना पर शोक जताया है.
उन्होंने कहा कि परिवार ने अपने घर के एक सदस्य को खो दिया है और इस कठिन समय में प्रशासन को आगे आकर परिवार की मदद करनी चाहिए.दोनों नेताओं ने मामले पर गंभीरता से ध्यान देने और पीड़ित परिवार को जल्द राहत पहुंचाने की मांग की है.

