- डीजल टंकी में धमाके के बाद सड़क पर फैला ईंधन, पीछे चल रहा पिकअप भी आग की चपेट में आया
Giridih News : गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर बेंगाबाद मोड़ के समीप गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चलते ट्रक में अचानक आग भड़क उठी. ट्रक में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई.
बताया गया कि ट्रक गिरिडीह की ओर से मधुपुर जा रहा था. बेंगाबाद मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक की डीजल टंकी में जोरदार धमाका हुआ. धमाके के बाद टंकी से डीजल सड़क पर फैल गया. देखते ही देखते डीजल ने आग पकड़ ली और आग की लपटों ने ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया.
सड़क पर फैलते डीजल से बढ़ा खतरा
डीजल सड़क पर फैलने के कारण आग तेजी से आगे बढ़ने लगी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में ट्रक का बड़ा हिस्सा जलने लगा. घटना को देखकर आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया. लोगों ने दुकानों और घरों से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की.
पीछे चल रहा पिकअप भी आया आग की चपेट में
ट्रक के ठीक पीछे एक पिकअप मालवाहक वाहन भी चल रहा था. सड़क पर फैले डीजल में लगी आग की चपेट में पिकअप भी आ गया. आग से पिकअप का अगला हिस्सा और एक पहिया आंशिक रूप से जल गया. हालांकि समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया.
बड़ा हादसा टला
घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया. राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
आग लगने के कारणों को लेकर शुरुआती तौर पर डीजल टंकी में धमाके की बात सामने आ रही है. हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

