Giridih : गिरिडीह शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. अपराधियों ने गुरुवार को दिनदहाड़े पचंबा थाना क्षेत्र के मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के समीप मछली कारोबारी से 2.07 लाख लूट लिये. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई.
मिली जानकारी के अनुसार, जगपतारी निवासी मछली कारोबारी आफताब रैन रोज की तरह बस स्टैंड स्थित मछली मंडी में कारोबार समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने दो बाइक (एक बुलेट और एक टीवीएस) पर सवार पांच बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया. अपराधियों ने उनकी कनपटी पर पिस्टलनुमा हथियार सटा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर पचम्बा की ओर फरार हो गए.
आफताब रैन ने बताया कि बैग में कारोबार के 2,07,000 रुपए थे. घटना के तुरंत बाद उसने पुलिस को सूचना दी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. अपराधियों की पहचान के लिए आस पास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है. बदमाशों के पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment