Giridih News: गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत छोटकी बैरगी (पंचायत-बड़की बैरगी) के जंगल में वर्तमान में 25 हाथियों का झुंड मौजूद है. हाथियों की इस सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने बड़की बैरगी, बेरहा, सुईयाडीह, ससारखो, जरीडीह, नागाबाद, खुदीसार एवं जीतकुंडी पंचायत क्षेत्र के सभी गांवों के ग्रामीणों से तत्काल सतर्कता बरतने की अपील की है.
वन विभाग की एलिफेंट ड्राइव टीम लगातार निगरानी कर रही है और झुंड जिस दिशा में आगे बढ़ेगा, ग्रामीणों को समय-समय पर सूचना दी जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शाम के बाद अंधेरा होते ही कोई भी ग्रामीण घर से बाहर न निकले. आसपास के लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को भी सतर्क करना सुनिश्चित करें.
इसे भी पढ़ें -
हाथियों के झुंड के आसपास भीड़ लगाना, हल्ला करना या उन्हें उत्तेजित करने का प्रयास बिल्कुल न करें. हाथियों को देखने या वीडियो बनाने के लालच में उनके करीब जाने की कोशिश जानलेवा हो सकती है.
हाथी अचानक आक्रोशित होकर दौड़ सकते हैं, जिससे जान-माल का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. दिन के समय भी यदि हाथी आबादी वाले क्षेत्र में दिखें तो तुरंत सुरक्षित दूरी बनाकर घर लौट जाएं. वन विभाग ने ग्रामीणों से पूर्ण सहयोग की अपील की है ताकि मानव-हाथी संघर्ष को कम किया जा सके. किसी भी अनहोनी से बचने के लिए नजदीकी वन विभाग कार्यालय या स्थानीय थाने को तुरंत सूचित करें और सुरक्षित स्थान पर रहें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

