Giridih News : गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में बीते रविवार को हुए मुंशी मंजेश कुमार के अपहरण व हत्या मामले का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. एसआईटी ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर दी.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने बताया कि बीते 6 सितंबर को तिसरी थाना क्षेत्र के बाघमारी मोड़ के पास एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार (42) का अपहरण कर लिया गया था. इस संबंध में मंजेश के भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना में मामला दर्ज किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने खोरीमहुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में SIT का गठन किया था. टीम ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर अपहृत मंजेश कुमार का शव तिसरी थाना के सीमा पर बिहार के जमुई स्थित पिपरातरी जंगल से बरामद किया.
पुलिस के मुताबिक मंजेश के शरीर पर मारपीट के निशान पाए गए हैं. इससे स्पष्ट होता है कि अपहरण के बाद बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या की गई है. पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह घटना कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच आपसी विवाद के कारण हुई है. दोनों के बीच काम में दखल देने और डीजल व अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था.
इस घटना को प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी, पिंटू कुमार यादव व अन्य सहयोगियों ने मिलकर अंजाम दिया. गिरफ्तार आरोपियों में इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिंटू कुमार यादव व राजेश कुमार सिंह शामिल हैं. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक, खून लगा पत्थर, सखुआ का डंडा और तीन मोबाइल बरामद किए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

