Giridih News : जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के गरागुरो के पास कोडरमा-कोवाड़ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 51 वर्षीय छोटेलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए.
बताया गया कि छोटेलाल सड़क पार कर रहे थे, तभी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए गिरिडीह ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद बाइक चालक अपनी अपाचे बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।शनिवार सुबह मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए.ग्रामीणों ने गरागुरो के पास शव को सड़क पर रखकर कोडरमा-कोवाड़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया.इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को तत्काल सरकारी मुआवजा दिलाने और फरार बाइक चालक की गिरफ्तारी की मांग की.सूचना पर भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की.पुलिस ने हादसे के समय मौके पर छोड़ी गई अपाचे बाइक जब्त कर ली है.पुलिस बाइक के आधार पर मालिक और चालक की पहचान कर रही है.
पुलिस ने नियमों के तहत मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया.इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और मुख्य मार्ग पर यातायात बहाल हो गया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

