- चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी पर मिला था शव
Giridih News : गिरिडीह जिले के चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरी पर मिले युवती के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, सरिया थाना क्षेत्र के कपिलो निवासी लक्ष्मी कुमारी की गला दबाकर हत्या की गई थी. इस मामले में बंधखारो निवासी विनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी को गिरफ्तार किया गया है.
इसे भी पढ़ें
यह जानकारी एसडीपीओ धनंजय राम ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में दी. बताया गया कि विनोद मंडल और लक्ष्मी कुमारी के बीच प्रेम संबंध था. लक्ष्मी कुमारी की हत्या पैसों के विवाद में की गई है. आरोपी विनोद मंडल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, सफेद बोरा और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को चिचाकी रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 335/31 के पास युवती का शव मिला था. इस संबंध में गोमो रेल थाना में यूडी कांड दर्ज किया गया था. मामले की जांच के लिए बगोदर थाना में कांड संख्या 205/26 दर्ज किया गया. एसपी डॉ. बिलम कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने जांच के बाद हत्या का खुलासा किया है.
पुलिस के अनुसार, विनोद मंडल पिछले छह-सात वर्षों से लक्ष्मी कुमारी के संपर्क में था और उसकी पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद करता था. पुलिस का दावा है कि आंध्र प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए लक्ष्मी ने विनोद से डेढ़ लाख रुपये मांगे थे. इसी विवाद में विनोद ने लक्ष्मी की हत्या की योजना बनाई.
19 सितंबर को लक्ष्मी को बुलाकर एक सुनसान कमरे में ले जाया गया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर चिचाकी रेलवे स्टेशन के वास पटरी पर रख दिया गया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

