Giridih News : गिरिडीह जिला के पचम्बा के सार्वजनिक दुर्गा स्थान के मंदिर प्रांगण में दुर्गापूजा आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पचम्बा समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
इस दौरान वर्ष 2026 की दुर्गापूजा को भव्य, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई.बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संजय कुमार कंधवे को अध्यक्ष तथा दीपक साह को सचिव चुना गया. इसके अलावा प्रमोद कंधवे और पवन कंधवे को उपाध्यक्ष, जबकि सूरज यादव, सुंदर पांडेय और महादेव पांडेय को उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई.
समिति के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों को भी आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारियां देने को लेकर चर्चा हुई. बैठक में वर्ष 2025 की दुर्गापूजा के दौरान हुए खर्च का पूरा ब्यौरा भी लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया गया. पूजा समिति की ओर से पिछले वर्ष के आय-व्यय का विवरण साझा किए जाने के बाद उपस्थित लोगों ने आयोजन को लेकर अपनी राय और सुझाव भी रखे.
बैठक में विशेष रूप से दुर्गापूजा के दौरान आयोजित होने वाले मेले की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई. मेला परिसर के चारों ओर वालंटियरों की तैनाती करने की रूपरेखा तैयार की गई, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, आवागमन सुचारू रखने तथा किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति से निपटने में मदद मिल सके.
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है. ऐसे में पूजा, मेला, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जाएगा. बैठक में मौजूद लोगों ने भी आयोजन को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग देने की बात कही.