Giridih News : नगर थाना क्षेत्र के टुण्डी रोड पर बुधवार रात हुए एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर स्थित घोबन्नी निवासी मनोज कुमार यादव के रूप में हुई है.
परिजनों के अनुसार मनोज कुमार यादव पेशे से ड्राइवर थे और माल ढुलाई के सिलसिले में चाइना मोड़ गए थे. ट्रक में माल लोड न हो पाने के कारण वे वापस घर लौट रहे थे. इसी दौराण तिरंगा चौक पार करने के कुछ देर बाद टुण्डी रोड पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों और नगर थाना पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया, धनबाद ले जाने से क्रम में रास्ते में उनकी मौत हो गई.
मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां सभी का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया गया कि मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) को छोड़ गए हैं.पुलिस ने दुर्घटना स्थल के आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है.

