Giridih News : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में गिरिडीह नगर निगम की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा है’ जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य नगरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाना और उन्हें शहर की सफाई में सक्रिय भागीदार बनाना रहा.
टॉवर चौक स्थित पुराने नगर निगम परिसर से पैदल मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए आगे बढ़ा. मार्च के दौरान महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार व नगर निगम के पदाधिकारियों ने दुकानदारों, शहर वासियों और आम नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें अपने आसपास स्वच्छ रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा शहर को स्वच्छ बनाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है.इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय कुमार बिरुआ, उपनगर आयुक्त समेत नगर निगम के कई अधिकारी और सफाई कर्मी मौजूद रहे. पदाधिकारियों ने नागरिकों से खुद स्वच्छ रहने के साथ-साथ परिवार, पड़ोस और समाज में दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया.
महापौर ने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताया था. उनके संदेश को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए ही यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. नगर निगम ने कहा कि आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने का प्रयास जारी रखा जाएगा.

