Giridih News: मधुपुर–गिरिडीह रेलखंड पर सफर करने वाले यात्रियों को नवंबर महीने में दो दिन परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मधुपुर बाईपास परियोजना के तहत पुल निर्माण कार्य के कारण 8 और 23 नवंबर 2026 को मधुपुर से गिरिडीह तथा गिरिडीह से मधुपुर चलने वाली दोनों पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा.
इसे भी पढ़ें:
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मधुपुर और जगदीशपुर स्टेशन के बीच पुल संख्या 6ए पर बॉक्स पुशिंग का कार्य किया जाना है. इस कार्य को पूरा करने के लिए 5, 8, 23 और 26 नवंबर को ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा. निर्माण कार्य के मद्देनजर 8 नवंबर को ट्रेन संख्या 53515 (मधुपुर–गिरिडीह पैसेंजर) तथा ट्रेन संख्या 53516 (गिरिडीह–मधुपुर पैसेंजर) का परिचालन रद्द रहेगा.
इसी प्रकार 23 नवंबर को भी दोनों ट्रेनें नहीं चलेंगी. हालांकि, 5 और 26 नवंबर को ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक के बावजूद दोनों ट्रेनों का परिचालन सामान्य रहेगा.
रेलवे की यात्रियों से अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के परिचालन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके.
गौरतलब है कि मधुपुर–गिरिडीह रेलखंड पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करते हैं. ऐसे में ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

