Search

 
 
 

Giridih News :  बंधक बना कराया जा रहा था देह व्यापार, दो नाबालिग बरामद, महिला दलाल अरेस्ट

जामताड़ा पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर देह व्यापार करने वाले सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पंचबा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है. साथ ही मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार किया गया है.
 
  • सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
  • बोड़ो से दो नाबालिग सुरक्षित बरामद
  • जबरन देह व्यापार करवाने वाली महिला गिरफ्तार

Giridih : जामताड़ा पुलिस ने नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर देह व्यापार करने वाले सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पंचबा थाना क्षेत्र के बोडो इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है. साथ ही मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार किया गया है.

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार महिला स्थानीय ग्रामीण इलाकों की नाबालिग लड़कियों को काम दिलाने का झांसा देकर गिरिडीह शहर बुलाती और फिर उन्हें जबरन अश्लील काम पर मजबूर करती थी. बरामद दोनों नाबालिगों का संबंध एक ही परिवार से है और वे सगी जुड़वां बहनें हैं.

 

मिली जानकारी के मुताबिक, लड़कियों ने मंगलवार को पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार को फोन कर सूचना दी कि उन्हें जबरन रखकर अश्लील काम कराया जा रहा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बोडो इलाके में छापेमारी की और दोनों नाबालिगों को मुक्त कराया.

 

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी महिला मौके से फरार हो गई थी. हालांकि पुलिस ने जांच-पड़ताल कर फरार आरोपी महिला को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया से गिरफ्तार कर लिया.

 

बरामद नाबालिगों ने बताया कि जब वे घर जाने की जिद कर रही थीं तो आरोपी महिला ने गाली-गलौज कर उन्हें बाहर जाने से रोका. घर न भेजे जाने पर उन्होंने किसी तरह फोन कर पुलिस को सूचना दी. थाना पुलिस ने दोनों लड़कियों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किए जाने की व्यवस्था की है और उनकी मेडिकल एवं मनोवैज्ञानिक जांच कराई जा रही है.

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी महिला अकेले नहीं थी. देह व्यापार के इस नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हैं. बताया जाता है कि महिला काफी शातिर तरीके से देह व्यापार का धंधा करती थी. वह किसी शांत इलाके में किराये का कमरा लेकर धंधा चलाती और अगर आसपास के लोगों को भनक लग जाती तो तुरंत अपना ठिकाना बदल देती थी.

 

पचंबा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की पहचान और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी तेज कर दी है. प्राथमिकी के तहत मानव तस्करी, बाल शोषण और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

 

पुलिस ने समुदाय से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत रिपोर्ट करें, ताकि समय पर बचाव और कार्रवाई की जा सके.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही