Giridih News: झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में गिरिडीह परिसदन में बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित आपत्तियों, प्रतिवेदनों एवं लेखा संबंधी मामलों की समीक्षा की गई. समिति ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों का बिंदुवार जांच कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में समिति सदस्य सह बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, बहरागोडा विधायक समीर महंती, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी एवं कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी उपस्थित रहे.
बैठक में सामान्य, सामाजिक, आर्थिक एवं राजस्व प्रक्षेत्रों की लंबित आपत्तियों के साथ भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के प्रतिवेदनों तथा स्थानीय निकायों के वार्षिक तकनीकी निरीक्षण प्रतिवेदन में दर्ज लंबित कंडिकाओं की समीक्षा की गई.
वर्ष 2008-09 से 2019-20 तक के सीएजी प्रतिवेदनों तथा वर्ष 2014-15 के स्थानीय निकायों से जुड़ी आपत्तियों पर विशेष चर्चा हुई. समिति ने पदाधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति,अब तक की गई कार्रवाई एवं निराकरण में आ रही बाधाओं की जानकारी ली. समिति ने सरकारी अभिलेखों एवं वित्तीय मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने, विभागीय समन्वय सुदृढ़ करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

