Giridih News : बगोदर थाना क्षेत्र के अटका लक्षीबागी में रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर एक घर में जा घुसा. हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक बुलेट और गन्ने का जूस निकालने वाली मशीन भी ट्रेलर की चपेट में आ गई. ट्रेलर दोनों को घसीटते हुए तक ले गया. घटना में बुलेट, गन्ने की जूसर मशीन और ट्रेलर को काफी नुकसान पहुंचा है.
इसे भी पढ़ें...
हालांकि, घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है. बताया जाता है कि ट्रेलर तेज रफ्तार में बगोदर की ओर आ रहा था. इसी दौरान अटका लक्षीबागी के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया.
अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे खड़ी बुलेट और गन्ने की जूसर मशीन से जा टकराया. टक्कर के बाद दोनों को घसीटते हुए एक घर में जा घुसा. हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने घरों से निकलकर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.
देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने घटना की जानकारी बगोदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद बगोदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और अन्य वाहनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर आवाजाही थी, लेकिन संयोग से किसी व्यक्ति की चपेट में आने की सूचना नहीं है. घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ट्रेलर चालक से घटना के संबंध में पूछताछ करने के साथ दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

